चुनाव का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है अपने क्षेत्र के विधायक को लेकर लोगों की धड़कने भी तेज हो रही है। अमर उजाला ने शनिवार को हमारा विधायक कैसा हो विषय पर महिलाओं से राय जानी। लोगों ने कहा कि उन्हें ऐसा विधायक चाहिए जो शिक्षित, ईमानदार और भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ने वाला हो। जो गरीब बच्चों और बालिकाओं को नि:शुल्क शिक्षा दिला सके। साथ ही क्षेत्र का विकास भी करे।
भौना बिराहा रोड निवासी आभा तिलारा कहती है कि शिक्षित और ईमानदार विधायक ही क्षेत्र का विकास कर सकता है। महिलाओं को जागरूक होकर अपने मत का सही इस्तेमाल करना चाहिए।
सूद कॉलोनी निवासी डॉ. रुचि शर्मा ने कहा कि विधायक ऐसा हो जो क्षेत्र के सभी वर्गों के लिए समान कार्य करे, सामाजिक सोच वाला हो
भीमनगर निवासी सुषमा पंत कहती है बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं में विस्तार कर शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाला ही विधायक बने। क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों तक पहुंचा सके।
कुंडेश्वरी निवासी भवानी देवी के अनुसार प्रत्याशी का कोई भी क्राइम रिकार्ड न हो। बिना पक्षपात के विकास को बढ़ावा देने वाला हो।
कुंडेश्वरी निवासी मधु धिल्ड़ियाल कहती है कि विधायक ऐसा हो जो भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए मजबूती से लड़े।
मोहल्ला टीचर कॉलोनी निवासी शिप्रा चौहान ने कहा कि विधायक महिलाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराने और समुचित विकास की सोच रखने वाला हो। उन्होंने योग्यता के आधार पर मतदान करने का आह्वान किया।