रुद्रपुर। शादी का झांसा देकर दुराचार करने और फिर शादी से मुकरने वाले प्रेमी के खिलाफ प्रेमिका ने पुलिस को तहरीर सौंपी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दिनेशपुर क्षेत्र की युवती ने सिडकुल पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह रुद्रपुर की आवासीय कॉलोनी से अपने घर लौट रही थी कि इसी दौरान क्षेत्र का ही वार्ड नंबर सात निवासी पंकज चक्रवर्ती उसे नैनीताल रोड पर मिला और घर छोड़ने के बहाने उसे अपनी वैगनआर कार में बैठाकर ले गया।
जब दोनों टांडा स्थित संजय वन के पास पहुंचे तो पंकज ने कार को सड़क किनारे खड़ा कर जबरन उसके साथ दुुुराचार किया। युवती का आरोप है कि इस दौरान जब उसने पंकज का विरोध किया तो पंकज ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और वहां छोड़कर चला गया।
इस मामले में सिडकुल चौकी प्रभारी नरेश कुमार का कहना है कि पंकज और शिकायतकर्ता युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार को जब पंकज युवती के साथ शादी करने से मुकर गया तो युवती तहरीर लेकर चौकी पहुंची। इससे पहले दोनों के परिजनों ने समझौते की भी कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल युवती की तहरीर के आधार पर उसका मेडिकल कराने के बाद दुराचार करने वाले पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।