बरेली से लालकुंआ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल हो जाने से यात्रिओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंजन के पुलभट्टा रेलवे क्रासिंग के अंदर खराब होने पर सड़क मार्ग पर भी घंटो जाम रहा।
जानकारी के अनुसार शाम को 7.45 पर किच्छा पहुंचने वाली पैसेंजर ट्रेन शुक्रवार को लेट थी। जब ट्रेन पुलभट्टा के रेलवे फाटक से गुजर रही थी तोे अचानक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और ट्रेन फाटक के बीचोबीच खड़ी हो गई। रेलवे स्टेशन मास्टर विजय कुमार देव ने बताया कि इंजन फेल होने से रामनगर से हावड़ा और लालकुंआ सें बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे स्टेशन पर खड़ा करना पड़ा। बताया कि बाद में लालकुंआ से बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का इंजन खोलकर पुलभट्टा भेजा गया है ताकि बरेली से आने वाली ट्रेन को किच्छा तक लाकर बरेली की ओर जाने वाली रेलों को सुचारु किया जा सके। समाचार लिखे जाने तक रेलवे विभाग व्यवस्था को सुचारु करने में जुटा हुआ हैं। इधर रेल इंजन फेल होने से किच्छा से खटीमा एवं सितारगंज की ओर जाने वाला सड़क का ट्रैफिक भी बंद रहा फाटक बंद होने से घंटो जाम की स्थिति बनी रही।