जसपुर। कार सवार युवकों के हमले में घायल अर्जुन।
- फोटो : KASHIPUR
मुराजसपुर। एक सब्जी आढ़ती ने चार लोगों पर उसके भाई को जान से मारने का प्रयास करने और लाखों रुपये लूटने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने तीन नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्लॉक कॉलोनी निवासी रोहित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका भाई अर्जुन तोमर सब्जी मंडी में आढ़त का कार्य करता है। एक साल पहले अर्जुन का विवाह वर्षा निवासी हंसनगर, मोहल्ला अब्दुल्ला थाना बिलारी (मुरादाबाद) के साथ हुआ था।
आरोप है कि वर्षा के भाई रोहित कुमार, रवि कुमार और जसपुर निवासी तहेरा भाई अतुल कुमार झगड़ालू किस्म के हैं। यह लोग आए दिन छोटी-छोटी घटनाओं को लेकर उसके परिजनों से गालीगलौच करते हैं। अर्जुन की पत्नी वर्षा भी ससुरालियों का अपमान करती रहती थी।
कुछ दिन पूर्व पति-पत्नी के बीच विवाद होने पर वर्षा ने अपने तीनों भाइयों को बुलाया और इन लोगों ने अर्जुन के साथ मारपीट की। साथ ही एक माह में जान से मारकर बदला लेने की धमकी देकर वर्षा को अपने साथ ले गए। शनिवार सुबह पौने सात बजे अर्जुन घर से आढ़त के लिए बाइक से निकला। इस दौरान उसके पास तीन लाख 40 हजार रुपये से भरा बैग भी था।
घर से कुछ दूरी पर पीछे से आई एक कार ने अर्जुन को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारकर गिरा दिया। कार में सवार रोहित कुमार, रवि कुमार, अतुल कुमार और एक अन्य युवक कार से उतरे और धारदार हथियारों से अर्जुन पर हमला कर दिया।
अर्जुन के शोर मचाने पर उक्त लोग अर्जुन के पास रखा रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। अर्जुन की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने अर्जुन को काशीपुर के लिए रेफर कर दिया। कोतवाल एनबी भट्ट ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। रुपये से भरा बैग छीनने की भी जांच की जा रही है।