सितारगंज। चोरों ने कन्फेक्शनरी में घुसकर गल्ले में रखी लाखों रुपये की नकदी चुरा ली। मामले में कन्फेक्शनरी स्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
इस्लाम नगर वार्ड नंबर चार निवासी इरशाद अली पुत्र मो. रमजान ने बताया कि इस्लामनगर में उसकी होलसेल कन्फेक्शनरी की दुकान है। 27 मई की रात को वह दुकान बंद कर घर चला गया। अगले दिन सुबह वह दुकानदारी के लिए जब गल्ले पर बैठा तो देखा कि मालिक को देने के लिए गल्ले में रखे 2.40 लाख रुपये गायब हैं। साथ ही, नीचे गल्ले में अलग से रखे करीब 40 हजार रुपये भी गायब हैं। उसने दुकान में सब जगह की तलाशी की लेकिन उसे रुपये नहीं मिले। इसके बाद उसने रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो मंगलवार की आधी रात को दो युवक दुकान के पीछे लगी खिड़की से आते-जाते नजर आए। उसने शक जताया कि दोनों युवकों ने ही दुकान में रखे पैसे चुराए हैं। उसने पुलिस को दोनों अज्ञात लोगों के विरुद्ध दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। संवाद