बीते दिनों बहला नदी में केवीएस टैक्स टाइल्स मिल द्वारा बहला नदी में प्रदूषित पानी छोड़ा गया था। इसकी पुष्टि होने के बाद अब बहला नदी में प्रदूषित पानी छोड़ने पर उत्तराखंड प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड मुख्यालय ने रामनगर रोड स्थित केवीएस टैक्स टाईल्स मिल को बंद करने के आदेश दिए हैं। शीघ्र ही बोर्ड की क्षेत्रीय टीम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर मिल को बंद कराएगी।
बीती 11 जनवरी को उत्तराखंड पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम बहला नदी पर मॉनीटरिंग कर रही थी। इसी दौरान एक फैक्ट्री ने फैक्ट्री का प्रदूषित पानी नदी में बहा दिया। नदी के पानी का रंग लाल देख टीम ने पानी का सैंपल भरा और विडियो रिकार्डिंग की। टीम जब पानी किस फैक्ट्री से छोड़ा गया इसकी जांच करते हुए रामनगर रोड पर पहुंची तो पता चला कि प्रदूषित पानी केवीएस टैक्स टाइल्स मिल से छोड़ा गया है।
टीम ने एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेज दी। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि मुख्यालय से केवीएस टैक्स टाइल्स को बंद करने के आदेश मिल चुके है। बताया कि मिल से ही प्रदूषित पानी बहला नदी में छोड़ा गया था। सिंह ने बताया कि मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद अब मिल की बिजली काटने के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा जा रहा है। एक या दो दिन में बिजली कनेक्शन कटवाकर एक टीम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिल पहुंचकर उसे बंद कराएगी।