शांतिपुरी। ग्राम शांतिपुरी नंबर-4 चंद्रपुरी में आदर्श वालीबाल क्लब की तरफ से आयोजित अखिल भारतीय वालीबाल
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार देर शाम बेहद रोमांचक रहा। खिताबी मुकाबले में गोगीना ब्लास्टर और केपी क्लब के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंत में केपी क्लब ने 3–1 से जीत दर्ज कर लगातार छठी बार ट्रॉफी अपने नाम की जबकि गोगीना ब्लास्टर को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का शुभारंभ किया। मुकाबले के पहले सेट में गोगीना ब्लास्टर ने 25-17 से बढ़त बनाई लेकिन इसके बाद केपी क्लब ने शानदार वापसी करते हुए अगले तीन सेट 25-16, 25-22 और 25-21 से जीतकर मैच अपने पक्ष में कर लिया।
टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। बेस्ट लिबरो का पुरस्कार आशीष, बेस्ट लिफ्टर हर्षित, बेस्ट अटैकर करण, बेस्ट ब्लॉकर मनजीत तथा मैन ऑफ द मैच का खिताब रजत को दिया गया।
इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबलों में केपी क्लब ने रॉबिन बालियान की टीम को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में गोगीना ब्लास्टर ने बाबा नीब करोली की टीम को 2-1 से हराया। मैच का आंखों देखा हाल लकी तूफान ने सुनाया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, रुद्रपुर व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष संदीप राव, वसुंधरा दीप के संपादक भारत शाह, नारायण सिंह बिष्ट, विनोद कोरंगा, ललित बिष्ट, अशोक जोशी, उत्तराखंड हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद आदि मौजूद रहे।