फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना संक्रमण बढ़ने पर काशीपुर में हुआ दो दिनी लॉकडाउन

विज्ञापन
कवि नगर में महिला की रेपिड के एंटीजन किट से जांच करते स्वास्थ कर्मी। - फोटो : KASHIPUR
विज्ञापन
काशीपुर। एक ही दिन में कोरोना संक्रमण के 34 मामले सामने आने से प्रशासन में खलबली मच गई है। इनमें से 14 मामले एक विवाह समारोह में शामिल लोगों के बताए गए हैं। संक्रमित व्यक्तियों में अधिकांश व्यापारी होने के कारण अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने काशीपुर में चार दिनों (11 जुलाई से 14 जुलाई की रात 12 बजे तक) के लिए लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। बता दें कि प्रदेश में काशीपुर एक मात्र ऐसा क्षेत्र बन गया हैं, जहां दोबारा लॉकडाउन किया गया है।
विज्ञापन

काशीपुर के एक होटल में 29 जून को सगाई का कार्यक्रम हुआ था, जबकि 30 जून को रुद्रपुर के एक होटल में शादी हुई थी। इन दोनों कार्यक्रमों में एनसीआर दिल्ली से आया दूल्हे का भाई भी शामिल हुआ था। शहर के सौ से अधिक व्यापारी और अन्य लोगों ने भी इसमें शिरकत की थी। चार जुलाई को स्वास्थ्य बिगड़ने पर दूल्हे के भाई का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सगाई और विवाह कार्यक्रमों में शामिल 40 लोगों के सैंपल आठ जुलाई को जांच के लिए भेजे गए।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी ने बताया कि एम्स ऋषिकेश से आई रिपोर्ट में 14 लोग पॉजिटिव पाए गए। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर राम श्याम कॉलोनी की तीन गलियों को कंटेनमेंट जोन और बफर जोन बनाया गया है। वहीं, कविनगर में भी कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
विज्ञापन

कोविड-19 के पॉजिटिव केसों की गुणात्मक संख्या के मद्देनजर काशीपुर नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में 11 जुलाई की सुबह 10 बजे से लेकर 14 जुलाई की रात 12 बजे तक के लिए सभी वाणिज्यिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर आवाजाही भी ठप रही। हालांकि आवश्यक सेवाएं मेडिकल स्टोर, सरकारी, निजी अस्पताल और डेयरी खुले रहे। राशन की दुकानों और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति में छूट दी गई है।
काशीपुर में कोविड-19 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले तीन दिनों में कोरोना के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। ऐसे में शनिवार से दो दिन के लॉकडाउन का निर्णय लिया गया था लेकिन स्थिति की दोबारा समीक्षा कर अब काशीपुर में लॉकडाउन बढ़ाकर 14 जुलाई रात 12 बजे तक कर दिया गया है। प्रशासन स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर पूरी मुस्तैदी से कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कार्य कर रहा है। - गौरव कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर।
पांच दिनों 45 मामले सामने आए
काशीपुर। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा पांच दिनों में तेजी से बढ़कर 138 पहुंच गया है। देर रात पहली बार एक साथ 34 पॉजिटिव केस सामने आने से प्रशासन की नींद उड़ाकर रख दी है। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के साथ रातभर गहन मंथन कर लॉकडाउन से केसों पर प्रतिबंध लगाने पर फैसला किया।
तारीख पॉजिटिव केस
26 जून 02
27 जून 09
28 जून -
29 जून 04
01 जुलाई -
02 जुलाई -
03 जुलाई 05
04 जुलाई 01
05 जुलाई 02
06 जुलाई 10
07 जुलाई 17
08 जुलाई 02
09 जुलाई -
10 जुलाई 34
देर रात मिले 10 और कोरोना केस
काशीपुर। नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत साहनी ने बताया कि 10 अन्य लोगों को भी कोरोना हुआ है। इनमें कालीबस्ती कंटेनमेंट जोन से तीन साल के बच्चे समेत एक ही परिवार के चार सदस्य, आवास विकास में दो, कविनगर में एक, अल्ली खां कंटेनमेंट जोन में एक, कटरोराताल में एक और काजीबाग में एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को कोविड केयर सेंटर रुद्रपुर भेजा गया है।
शादी में शामिल हुए 20 लोग होम क्वारंटीन, दो सैंपल संदिग्ध
रुद्रपुर। काशीपुर में शादी में शामिल 13 लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मचा हुआ है। सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह पंचपाल ने बताया कि 30 जून को हुए शादी समारोह में शामिल 20 और लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें वर और वधू भी शामिल हैं। ट्रू-नेट मशीन से दो लोगों के सैंपल संदिग्ध पाए गए हैं। अब दोनों के सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा गया है।
इसके साथ ही सभी 20 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं, काशीपुर में बनाए गए कंटेनमेंट जोन में तीन दिन के भीतर तीन हजार लोगों के सैंपल लेने का लक्ष्य रखा गया है। काशीपुर में सिर्फ तीन टीमों के होने के चलते दो टीमें शनिवार को रुद्रपुर से काशीपुर भेजी गई हैं। टीम में शामिल डॉक्टरों को कुछ दिनों के लिए काशीपुर में ही रहना पड़ेगा।
काशीपुर में रैपिड एंटीजन किट से कोरोना की जांच शुरू
काशीपुर। काशीपुर में रैपिड एंटीजन किट के जरिये कोरोना संक्रमण की जांच शुरू हो गई है। कविनगर में पहले एक घंटे में की गई सभी 25 रिपोर्ट निगेटिव आईं। काशीपुर में रैपिड जांच का सिलसिला एक सप्ताह तक चलेगा।
जिला कोरोना अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए काशीपुर में रैपिड एंटीजन किट से कोरोना टेस्ट शुरू कर दिया गया है। इस जांच का परिणाम तत्काल मिल रहा है। तिवारी ने बताया कि चार लैब टेक्निशियनों समेत सात-आठ कर्मचारी जांच कार्य में लगाए गए हैं। सोमवार से कर्मियों की संख्या बढ़ाकर जांच में तेजी लाई जाएगी।
यह टीमें कंटेनमेंट जोन के अलावा अन्य कॉलोनियों में भी घर-घर जाकर लोगों का सैंपल लेकर कोराना जांच करेंगी। उन्होंने बताया कि काशीपुर में जांच टीमें एक सप्ताह तक रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोरोना के लक्षण महसूस होने पर लोग स्वयं जांच के लिए आगे आएं। जागरूकता और सावधानी से ही कोरोना से जंग को जीता जा सकता है।
सैंपल देते समय बताया गलत पता, रिपोर्ट आई पॉजिटिव
काशीपुर। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के ढुलमुल रवैये के चलते क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अलीगंज रोड स्थित एक पॉश कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने भी वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत की थी। आठ जुलाई को दिल्ली से आए युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य टीम ने उक्त व्यक्ति सहित संपर्क में आए 60 लोगों के सैंपल लिए थे।
उक्त व्यक्ति टीम को नई सब्जी मंडी का पता बताकर अलीगंज रोड स्थित फ्लैट में रह रहा था कॉलोनी के लोगों के साथ भी खेला और पार्क में घूमा। उसकी रिपोर्ट शुक्रवार की देर रात पॉजिटिव आई है। उक्त व्यक्ति स्वास्थ्य टीम को गुमराह कर कॉलोनीवासियों और अन्य कई लोगों के संपर्क में आ चुका है। इस पर न तो प्रशासन और न ही स्वास्थ्य विभाग का ध्यान है। इसके चलते शहर में कोरोना संक्रमण तेज रफ्तार से पैर पसार सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें