खटीमा। अवैध मिट्टी खनन और ओवर लोडिंग वाहनों के खिलाफ विधायक भुवन कापड़ी सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रदेश सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए खटीमा क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन को पूर्णरूप से बंद करने की मांग की।
तहसील परिसर में धरने पर बैठे विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि खटीमा क्षेत्र में प्रशासन के इशारे पर अवैध मिट्टी खनन और ओवर लोडिंग वाहनों का संचालन हो रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर तेज रफ्तार डंपर काल बनकर दौड़ रहे हैं।
उन्होंने कि पिछले दिनों चकरपुर क्षेत्र में डंपर ने स्कूटी सवार बुजुर्ग दंपती को टक्कर मार दी थी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि गंभीर रूप से घायल पति का इलाज चल रहा है।
उन्होंने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार वीरेंद्र सजवाण को सौंपते हुए क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग को बंद कराने की मांग की। वहां पर नरेंद्र आर्य, उमेश राठौर, विनोद चंद, देवेंद्र कन्याल, रमेश रौतेला, पंकज टम्टा, नवीन राणा, कुंदन चड्डा, रेहान अंसारी थे।