खटीमा। दिन के अलावा रात में होने वाले खनन कार्य से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का सुख-चैन छिनने लगा है। रात्रि में भी खनन होने से शांति में खलल आता है।
ग्राम चंदेली व उससे लगे ग्रामीण क्षेत्र में शनिवार और रविवार दिन-रात खनन माफिया की मुख्य एवं संपर्क मार्गों पर आवाजाही रही। खनन माफिया मानकों को ताख पर रखकर बेखौफ खनन सामग्री के वाहन रात के अंधेरे में दौड़ाते हैं। ग्राम चंदेली से पुरनापुर, टेड़ाघाट, चारूबेटा कॉलोनी, मुडेली से शहर के विभिन्न वार्ड में मिट्टी से लदे वाहन दौड़ते रहे। खनन माफिया के रात में वायरल हुए वीडियो एसडीएम, तहसीलदार, सीओ के पास तक पहुंच गए लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
ग्राम सभा चंदेली के ग्राम प्रधान पति राजीव राणा ने कहा कि चंदेली व उससे लगे ग्रामीण क्षेत्र में खनन कार्य की सूचना पुलिस को भी दी गई थी लेकिन क्या कार्रवाई हुई, इसका नहीं पता। चंदेली के बीडीसी पति रोशन सिंह ने कहा कि चंदेली और उसके आसपास रविवार रात में भी खनन हुआ। सूचना शासन-प्रशासन को दी गई थी। एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि खनन की सूचना मिलने पर दल बल के साथ मौके पर पहुंचने तक माफिया खिसक लेते हैं। रात के सुनसान पहर में माफिया के खिलाफ कार्रवाई बमुश्किल हो पाती है।
खनन सामग्री से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को एसडीएम ने पकड़ा
खटीमा। तहसील कैंपस से लौट रही खनन सामग्री लदी ट्रॉली को एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट ने पकड़ लिया। एसडीएम ने चालक पहेनिया निवासी अजीत सिंह से 17 हजार रुपये का राजस्व वसूला। अर्थदंड अदा करने पर ट्रॉली छोड़ दी गई।