सितारगंज। खालसा साजना दिवस बैसाखी पर्व पर मंगलवार को गुरुद्वारा श्री कलगीधर सिंह सभा सितारगंज से गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब तक 20वां महान खालसा चेतना मार्च निकाला गया। गुरुद्वारे में अरदास के बाद श्री गुरुग्रंथ साहिब की छत्रछाया और पंच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन शुरू हुआ। सिख संगत सेवा सोसायटी की ओर से निकले खालसा चेतना मार्च का नगर के मुख्य चौक, महाराणा प्रताप चौक, तुर्कातिसौर, बधौरा, चीकाघाट, सिसईखेड़ा, बिडौरा, नानकमत्ता में जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ।
पवित्र गुरुग्रंथ साहिब की पालकी के मार्ग पर महिलाएं झाड़ू लगाकर रास्ते में सफाई कर रही थीं। संगत मार्ग व गुरुग्रंथ साहिब पर पुष्पवर्षा कर रही थीं। संगत गुरुग्रंथ साहिब की पालकी में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना कर रही थी। धार्मिक जत्थे गुरुओं की महिमा का गुणगान कर रहे थे। बैगपाइपर बैंड आकर्षण का केंद्र रहा। गतका पार्टी ने हैरत अंगेज करतब दिखाए।
जगह-जगह संगत के लिए प्रसाद का वितरण किया गया। सिख संगत सेवा सोसायटी के संयोजक सोप्रीत बॉबी भाटिया व प्रधान बलबीर सिंह ने कहा कि करीब 13 किमी दूरी तय कर खालसा चेतना मार्च गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचा। यहां गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी की ओर से अध्यक्ष जोगिंदर सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, सचिव हरभजन सिंह, डायरेक्टर गुरवंत सिंह सोनी, प्रबंध रणजीत सिंह, सुखवंत सिंह भुल्लर, रणजीत सिंह राणा ने खालसा चेतना यात्रा का स्वागत कर पंच प्यारों को सिरोपा भेंट किया। यहां पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, शिक्षाविद पलविंदर सिंह औलख, नरेंद्र सिंह बमराह, नवतेज पाल सिंह, गुरसेवक सिंह मोहार, राजेश शैली, मक्खन सिंह, कुलविंदर सिंह, गुरतेज सिंह आदि उपस्थित रहे।