काशीपुर। दवा, भोजन, सफाई आदि के करीब 1,34,00,000 रुपये के बिलों का तीन साल बाद भी भुगतान नहीं हो सका है। प्रतिष्ठान के कर्मचारी अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन बिलों के भुगतान संबंधी मामले का जल्द निस्तारण करने की बात कर रहा है।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में वेंडरों से एसी, विद्युत-टेलीफोन, लेखन सामग्री, धुलाई, सफाई व्यवस्था, ऑक्सीजन, रोगियों के भोजन की व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण का कार्य कराया गया था। इसके अलावा दुकानदारों से दवा भी खरीदी गई है। करीब सात-आठ लोगाें का बकाया भुगतान नहीं हो सका है।
रोज करीब 5 से 10 लोगों के फोन अस्पताल कर्मियों के पास आते हैं। दो-तीन व्यक्ति स्वयं भी कार्यालय पहुंच रहे हैं। करीब छह-सात वेंडर नोटिस भी भेज चुके हैं। बावजूद बिलों का भुगतान नहीं किया जा सका है।
सीएमएस डॉ. संदीप दीक्षित ने बताया कि अस्पताल से अभी तक पुराने बिलों का भुगतान क्यों नहीं हुआ है। इसे दिखवाया जाएगा।
कोट
2022-23 से पुराने बिलों का भुगतान क्यों नहीं हुआ है। इसकी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन की है। पुराने बिलों के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर