काशीपुर। स्वच्छता में नंबर वन बनने का ख्वाब देखने वाले शहर काशीपुर की स्थिति चिंताजनक है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश के नगर निगम के साथ ही पालिकाओं ने भी काशीपुर को स्वच्छता में पीछे छोड़ दिया है। काशीपुर नगर निगम की पूरे प्रदेश में 21वीं रैंक आई है।
वहीं पिछले साल नगर निगम की श्रेणी में सातवीं रैंक में आने वाला काशीपुर निगम एक पायदान नीचे खिसक कर आठवीं रैंक पर पहुंच गया है। प्रदेश में स्वच्छता में नंबर वन बनने का ख्वाब देखने वाला शहर काशीपुर स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ता जा रहा है।
बता दें कि वर्ष 2024 में स्वच्छता सर्वेक्षण में काशीपुर नगर निगम ने प्रदेश के आठ निगमों में सातवां स्थान हासिल किया था। वहीं इस साल वह प्रदेश में कई नगर पालिकाओं से पीछे रहते हुए 21वीं रैंक पर पहुंच गया है जबकि निगम की राष्ट्रीय रैंक 372 है।
शहर आगे बढ़ने के बजाय स्वच्छता में पीछे जा रहा है। ऐसी स्थिति शहरवासियों की जागरूकता के लिहाज से भी चिंताजनक है। जहां जिला मुख्यालय रुद्रपुर ने अपनी स्थिति में सुधार किया है, वहीं काशीपुर के रैकिंग में गिरावट आई है। अब काशीपुर से सिर्फ रुड़की और अल्मोड़ा निगम ही पीछे है।