नानकमत्ता के थानेदार कमलेश भट्ट।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। प्रदेश में वांछित इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ एक माह तक चलाए गए अभियान में नानकमत्ता थाने को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। उत्कृष्ट कार्य करने पर आईजी कुमाऊं डॉ. वी मुरुगेशन ने थानेदार कमलेश भट्ट को 10 हजार रुपये का इनाम दिया है।
पुलिस विभाग की ओर से प्रदेश में दो दिसंबर से 31 दिसंबर तक अपराध में वांछित, इनामी और वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी, कुर्की वारंट को तामील कराने, हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कार्रवाई तथा सक्रिय अपराधियों का सत्यापन एवं चिह्नित करके निरोधात्मक कार्रवाई का अभियान चलाया गया था।
आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र डॉ. वी मुरुगेशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल क्षेत्र की ओर से अभियान के दौरान थाना क्षेत्रों में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें नानकमत्ता थानेदार प्रथम स्थान पर रहे। थानाध्यक्ष को उत्कृष्ट कार्य करने का इनाम मिलने पर अधिकारियों और अधीनस्थों ने भट्ट को बधाई दी है। (संवाद)