जसपुर में कांबोज स्पोर्ट्स एकेडमी को चैंपियन ट्राफी देते अतिथि
जसपुर। प्रथम सब-जूनियर यूथ जिला बास्केटबाल चैंपियनशिप का समापन हो गया है। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और खेल अकादमियों की 43 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कांबोज स्पोर्ट्स, डीपीएस रुद्रपुर, रेड रोज एकेडमी और छावनी चिल्ड्रंस एकेडमी विजेता रहे।
ब्राइट स्टार इंटरनेशनल एकेडमी में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-13 और अंडर-16 वर्ग के बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष सनी पधान ने बताया कि अंडर-13 बालक वर्ग में कांबोज स्पोर्ट्स एकेडमी जसपुर ने स्पर्धा एकेडमी काशीपुर को हराकर खिताब जीता। बालिका वर्ग में डीपीएस रुद्रपुर ने कांबोज स्पोर्ट्स एकेडमी को हराया। अंडर-16 बालक वर्ग में रेड रोज एकेडमी गदरपुर ने कांबोज स्पोर्ट्स एकेडमी को हराया। बालिका वर्ग में छावनी चिल्ड्रंस एकेडमी काशीपुर की टीम ने एमेनिटी पब्लिक स्कूल रुद्रपुर को पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहां डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, उत्तराखंड एथलीट सिलेक्शन कमेटी के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी, सनी पधान, एमडी अमित कांबोज, प्रधानाचार्या मधु शर्मा, एसोसिएशन के महासचिव अतुल चंद्रा, शरद यादव मौजूद रहे।