ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में कल्याणी व्यू कालोनी और आवास विकास को जोड़ने वाले संकरे पुल से गिरकर सात वर्षीय बालक नदी में बह गया। बालक के बहने की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन बालक का कुछ पता नहीं चल सका। मौके पर सीओ और थानाध्यक्ष डटे हुए थे। दोपहर बाद नानकमत्ता से जल पुलिस और गोताखोर भी बुला लिए गए। बालक की खोजबीन शाम तक जारी थी।
ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिव नगर निवासी महेश काशीपुर रोड पर एक फर्म में मजदूरी करता है। उसके दो बच्चे सात वर्षीय बेटा कुणाल और एक बेटी है। कुणाल क्षेत्र में स्थित सरकारी विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र है। महेश का घर कल्याणी नदी से थोड़ी दूरी पर स्थित है। बृहस्पतिवार दोपहर कुणाल कल्याणी व्यू को शिवनगर से जोड़ने वाले संकरे पुल कुछ बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह पुल से नीचे गिर गया और नदी की तेज धार में बह गया। साथी बच्चों का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय तैराकों ने नदी में कुणाल की खोज की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बालक बहने की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर सीओ रमेश चंद्र जोशी और थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप सुशील कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शिवनगर से लेकर खेड़ा स्थित झील तक बालक की नदी में खोज की। बालक का कई घंटे तक सुराग नहीं मिलने पर नानकमत्ता से जल पुलिस और गोताखोर बुला लिए गए। देर शाम तक बालक की खोज का काम जारी था।