हरियाणा की रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने से भिड़ंत में बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसा इतना वीभत्स था कि शवों के चीथड़े उड़ गए। हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को हटवाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। उधर, घटना से मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।
ग्राम गूलरगोजी निवासी विनोद (50) पुत्र मथुरा सिंह काशीपुर रोड स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था। बताते हैं कि शाम चार बजे वाली शिफ्ट पूरी होने के बाद उसका पुत्र उमेश (22) बाइक से उन्हें लेने पहुंच गया। बताते हैं कि बाइक संख्या यूके 06 के/6382 पर पिता-पुत्र के अलावा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति भी बाइक पर सवार हो गया। लौटते समय ग्राम नारायणपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार हरियाणा के कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो की बस संख्या एचआर-65/9201 से बाइक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गयी। भिड़ंत के बाद तीनों बस के साथ काफी दूर तक घिसटते चले गए। इससे तीनों की घटनास्थल पर मौत हो गई।
हादसा इतना वीभत्स था कि देखने वाले तक कांप उठे। तीनों में किसी का सिर तो किसी के हाथ, पैर कटकर सड़क पर बिखर गए थे। पुलिस ने शव उठाने के बाद जाम खुलवाया। बस चालक बलविंदर सिंह पुत्र गुरदेव सिंह निवासी कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार कर बस को कब्जे में ले लिया। जबकि तीसरे युवक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर काशीपुर पोस्टमार्टम को भेज दिया।