रोडवेज बस से सिर बाहर निकालने पर एक वृद्ध का सिर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गया। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामला रविवार रात करीब 11:45 बजे का है।
रोडवेज के पिथौरागढ़ डिपो की बस (यूके 07पीए 1437) दिल्ली से पिथौरागढ़ जा रही थी। पुलभट्टा थाने में तैनात एसआई लाल सिंह ने बताया कि बस जब बरा के पास पहुंची तो उसमें बैठे गोपाल भट्ट (55) पुत्र जयराम निवासी पालिका कॉलोनी ने अपना सिर अचानक बाहर निकाल दिया।
बताते हैं कि इस बीच सामने से आ रहे ट्रक से उनका सिर टकरा गया। दुर्घटना के बाद गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। एसआई लाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अपने साथ ले गए हैं। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। ब्यूरो