रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में कच्ची शराब की बिक्री का वीडियो बनाने पर सांध्य दैनिक के पत्रकार के साथ कुछ लोगों ने गालीगलौज कर धक्का मुक्की की और मोबाइल छीन लिया।
मामला संज्ञान में आने पर पत्रकारों के साथ ही विधायक भी कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और एसएचओ को आरोपियों पर कार्रवाई करने को कहा। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।
शुक्रवार की देर रात पत्रकार अर्जुन कुमार ने ट्रांजिट कैंप में घर के पास अवैध शराब की बिक्री का वीडियो बना लिया था। इससे नाराज शराब बेचने वालों ने अर्जुन से गालीगलौज की व धमकी दी थी। थोड़ी देर बाद ये लोग अर्जुन के घर जा धमके और गालीगलौज की।
उनके जाने के बाद अर्जुन साथी पत्रकारों के साथ थाने में पहुंचा और पुलिस से शिकायत की। विधायक शिव अरोरा भी कार्यकर्ताओं के साथ थाने में पहुंच गए।
उन्होंने एसएचओ मोहन चंद्र पांडेय के समक्ष कच्ची शराब की बिक्री पर नाराजगी जताई और अर्जुन के साथ धक्का-मुक्कि करने वालों पर कार्रवाई करने को कहा। पुलिस ने पिता-पुत्र सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया। एसएचओ ने बताया कि वार्ड नंबर पांच अरविंदनगर निवासी मोंटू का 81 पुलिस एक्ट में चालान कर दिया। इसके अलावा मोंटू के बेटे आकाश राय के अलावा शिव मंडल और रमेश का शांति भंग में चालान किया गया है।