रुद्रपुर। सिडकुल की एक कंपनी के असिस्टेंट प्रोडक्शन मैनेजर जावेद के आत्महत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक जावेद ने आत्महत्या करने से पहले नशे में था। बहादराबाद (हरिद्वार) निवासी जावेद आरिफ (36) पुत्र कंबर अली हाल निवासी मेट्रोपोलिस सिटी सिडकुल की एक कंपनी में असिस्टेंट प्रोडक्शन मैनेजर थे। लंबे समय से जावेद का पत्नी से किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। मंगलवार को दोनों के बीच तीखी बहस के बाद पत्नी घर छोड़कर मायके सहारनपुर (यूपी) चली गई।
पुलिस के अनुसार दोपहर एक बजे जावेद की पत्नी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने उसे वीडियो कॉल किया था। कॉल के दौरान जावेद ने उसे फांसी का फंदा दिखाया और आत्महत्या की धमकी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर जावेद फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज कर परिजनों को सूचना दे दी थी।
चिकित्सक निशांत पांडे ने बताया कि आत्महत्या से पहले जावेद ने अत्यधिक शराब पी थी। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग और एल्कोहल की पुष्टि हुई है।
सीओ पंतनगर डीआर वर्मा ने बताया कि बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।