सितारगंज। क्षेत्र में बुधवार को पराली में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा से आग पास के फार्म हाउस तक पहुंच गई जिससे वहां रखा घरेलू व कीमती सामान जल गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
सिडकुल चौकी प्रभारी एसआई जगत सिंह शाही ने बताया कि बुधवार को करीब ढाई एकड़ गेहूं के खेत में पड़ी पराली में आग लग गई जो देखते ही देखते विकराल हो गई। तेज हवा से आग पास में बने फार्म हाउस तक पहुंच गई। इससे फार्म हाउस में रखा सारा समान आग की चपेट में आ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
भूस के ढेर में लगी आग, बुझाई
काशीपुर। महुआखेड़ागंज में भूस के ढेर में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने आग बुझाया। अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि सूचना पर रवाना हुई टीम ने घटनास्थल पहुंच कर देखा कि आग अहमद हुसैन के भूस के ढेर में लगी थी जो तेजी से गेहूं के अन्य खेतों की ओर फैल रही थी जिसे बुझाया गया।