जसपुर। भीषण गर्मी के चलते नगर पालिका प्रशासन ने पहले चरण में शहर में बीस वाटर कूलर लगाए हैं। प्रत्येक वार्ड में इन वाटर कूलरों के स्थापित होने से नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
नगर पालिका की बोर्ड बैठक में गर्मी शुरू होने से पहले नागरिकों के लिए 100 वाटर कूलर और दो एंबुलेंस खरीदने पर पिछले साल सहमति बनी थी। इस पर पालिका प्रशासन ने प्रथम चरण में 22 वाटर कूलर खरीद कर इनमें 20 को नगर में लगा दिया है। पालिकाध्यक्ष हाजी मो. नौशाद सम्राट ने बताया कि जरूरत पड़ने पर और वाटर कूलर खरीद कर लगाए जाने की योजना है। उन्होंने नागरिकों से स्थापित वाटर कूलर को सुरक्षित और स्वच्छ रखने का आह्वान किया।
नगर पालिका ने दो वाहनों को खरीदकर जिला स्वास्थ्य विभाग से एंबुलेंस वाहन की एनओसी प्राप्त कर ली है। शीघ्र ही स्थानीय स्वास्थ्य प्रशासन को एंबुलेंस हैंडओवर की जाएगी ताकि इमरजेंसी में इससे लोगों की जरूरत पूरी हो सके।
- उदयवीर सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद, जसपुर