रुद्रपुर। रामपुर सीमा पर कोरोना की जांच को लेकर पुलिस-प्रशासन गंभीर नहीं है। बाहरी राज्यों से जिले में आने वाले लोगों की कोरोना जांच रामपुर सीमा में सुबह आठ बजे से 11 बजे तक ही की जा रही है। इसके बाद डॉक्टरों की टीम सैंपल लेकर लौट रही है तो पुलिसकर्मी कुर्सियों में आराम फरमा रहे हैं।
रुद्रपुर से सटी रामपुर (यूपी) की सीमा कुमाऊं के कई जिलों की सड़कों को जोड़ती है। सीएम तीरथ सिंह रावत के स्पष्ट आदेश हैं कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों को सीमाओं पर 72 घंटे की कोरोना रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य है। इसके अलावा जो लोग कोरोना जांच नहीं कराएंगे। उनकी जांच सीमाओं पर की जाएगी। आदेश के बाद रामपुर सीमा पर कोरोना की आरटीपीसीआर जांच शुरू हो गई थी।
तीन शिफ्टों की डॉक्टरों की टीमें जांच कर रही थी। अब जांच को लेकर पुलिस-प्रशासन गंभीर नहीं लग रहा है। रविवार को रामपुर सीमा पर दोपहर 11 बजे के बाद कोरोना जांच बंद कर दी थी। यूपी समेत कई बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियां बेरोकटोक सीमा को पार कर रुद्रपुर आती रही। पुलिस कर्मी कोरोना जांच नहीं होने पर वाहनों को नहीं रोकने की बात कहते नजर आए। सीमा पर तैनात डॉ. धर्मेंद्र ने बताया कि सुबह आठ बजे से 11 बजे तक 100 लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिए गए।
सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने कहा कि रामपुर सीमा पर कोरोना की जांच लगातार की जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वालों को 72 घंटे की निगेटिव रिपोर्ट दिखाने व आरटीपीसीआर जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है।
महाराष्ट्र नंबर की कई गाड़ियां पहुंचीं रुद्रपुर
रुद्रपुर। महाराष्ट्र में कोरोना बेकाबू हो रहा है। महाराष्ट्र सरकार रात्रि कर्फ्यू के बाद अब दिन में भी लॉकडाउन करने पर विचार कर रही है। वहीं रुद्रपुर से सटी रामपुर सीमा से रविवार को एक नहीं बल्कि कई महाराष्ट्र नंबर की गाड़ियों ने रुद्रपुर में प्रवेश किया। ऐसे में बिना जांच प्रवेश की लापरवाही कोरोना संक्रमण फैलने में भूमिका निभा सकती है। (संवाद)