काशीपुर। शहर में अब तक करीब 12 हजार स्थायी निवास और जाति प्रमाण पत्रों की जांच पूरी हो चुकी है। इसमें 50 से अधिक प्रमाण पत्र संदिग्ध मिले हैं। ऐसे में सभी संदिग्धों के पत्रों की दोबारा जांच की जा रही है।
उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार पिछले पांच वर्षों में बने प्रमाण पत्रों की जांच की जा रही है। इन वर्षों में काशीपुर में लगभग 22 हजार जाति प्रमाण पत्र और 30 हजार से अधिक स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं।
अब तक करीब 12 हजार निवास प्रमाण पत्रों की जांच पूरी हो चुकी है जिसमें 50 से अधिक संदिग्ध प्रमाण पत्र सामने आए हैं। संदिग्ध प्रमाण पत्रों की पुनः जांच की जा रही है।
वहीं, अन्य लोगों के पत्रों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रमाण पत्र या दस्तावेज अवैध रूप से होना पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।