लालकुआं से दिल्ली वाया बाजपुर-काशीपुर इंटरसिटी ट्रेन जुलाई से चलेगी। 18 महीने पहले पूर्वोत्तर रेलवे ने प्रस्ताव बनाकर रेल मंत्रालय को भेजा था। 1905 से क्षेत्र की जनता दिल्ली की सीधी सेवा से वंचित थी। ट्रेन के चलने से तराई के बड़े हिस्से को इसका लाभ मिलेगा।
रेल अगुवा रहे केशव कुमार पासी ने बताया कि इंटरसिटी ट्रेन चलाने के लिए सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने पूर्वोत्तर रेलवे प्रबंधक को पत्र भेजकर क्षेत्र की जनता की भावनाओं को अवगत कराया था। 23 मार्च को सामाजिक कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधि मंडल दिल्ली जाकर रेल सुरेश प्रभु से मिला और मांग पत्र सौंपा। रेलमंत्री प्रभु ने लालकुआं से दिल्ली वाया बाजपुर काशीपुर ट्रेन जुलाई से चलाने का भरोसा दिया।
रुद्रपुर सिडकुल हाल्ट भी इसी महीने में शुरू हो जाएगा। इंटर सिटी प्रात:कालीन ट्रेन का लाभ कुमाऊं भर की जनता के अलावा बाजपुर से सटे यूपी क्षेत्र के स्वार, बिजारखाता, टांडा, मसवासी क्षेत्र की जनता और दिल्ली में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों को भी मिलेगा। रेलमंत्री ने लालकुआं से अमृतसर चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन के संचालन समय में सुधार करने की बात कही है। प्रतिनिधि मंडल में गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अवतार सिंह सैनी, अनंत जैन मनोज गोयल आदि थे।