गदरपुर। पुलिस ने चोरी की आठ बाइकों के साथ अंतरराज्यीय दोपहिया चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है।
रविवार को सीओ विभव सैनी ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि शनिवार को महतोष निवासी यूसुफ अली की बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की। शनिवार की मध्य रात प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश मिश्रा टीम के साथ बलराम नगर रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी बीच पुलिस ने एक बाइक सवार को रोका। दीपक उर्फ साबी निवासी रम्पुरा कुंडेश्वरी, काशीपुर, हाल निवासी कुलवंतनगर गदरपुर बाइक के कागजात नहीं दिखा पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि यह बाइक उसने महतोष से चोरी की थी। दीपक ने सीमावर्ती यूपी और उत्तराखंड से चोरी कर ले जाई गई सात बाइकों के बारे में बताया।
पुलिस ने दीपक के निशानदेही पर चोरी की गई आठ बाइकों को बरामद किया। सीओ ने बताया कि दीपक पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। दीपक पर थाना गदरपुर और कोतवाली काशीपुर में 11 केस दर्ज हैं जिनमें चोरी, गैंगस्टर एक्ट और बीएनएस की धाराएं शामिल हैं।
कोट:
वाहन चोरी, नशा तस्करी या किसी भी अपराध में लिप्त शातिरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। - मणिकांत मिश्रा, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर