काशीपुर। सालों से खुले में गल रही एक पुरानी एंबुलेंसों के पार्ट्स चोरी होने के डर से नीलामी के बजाए कटवाकर अस्पताल में रखवा दिए गए हैं। यह बात किसी के गले नहीं उतर रही है। इन वाहनों की नीलामी के लिए विज्ञप्ति भी निकाली जा चुकी है।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में कई सालों से समय सीमा निकलने के बाद एंबुलेंस मार्ग से हटा दीं गईं थीं। करीब पांच एंबुलेंसों को ट्रामा सेंटर के पीछे पेड़ के नीचे खड़ा किया गया है। बरसात और धूप से इन वाहनों के पार्ट्स गल चुके हैं। अस्पताल में मंडराने वाले नशेड़ी पार्ट्स भी चोरी कर लेते हैं। नीलामी के लिए विज्ञप्ति भी निकाली जा चुकी है। इसके बावजूद अभी तक वाहनों की नीलामी नहीं कराई जा सकी है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अचानक एक एंबुलेंस के पार्ट्स कटवाने की बात सामने आ रही है। एंबुलेंस का इंजन और दो पहियों का एक सेट कुछ दूरी पर पड़ा है। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। सूत्रों का कहना है कि इससे पार्ट्स के बिकने की संभावना बन गई है। मौका पाकर कभी भी पार्ट्स बिक सकते हैं।
कोट:
अस्पताल में कई सालों से पुरानी एंबुलेंस खड़ी हैं। वह जंग खा रही हैं। इसका सामान चोरी होने लगा है। एक एंबुलेंस के पार्ट्स अस्पताल में रखवा दिए गए हैं। एक महिला विभाग की ओपीडी से एक ब्लोअर चोरी कर लिया गया है। पुलिस को भी सूचना दी जा रही है। नीलामी प्रक्रिया सीएमओ स्तर से होगी। - डॉ. संदीप दीक्षित, सीएमएस, काशीपुर
कोट:
पुरानी एंबुलेंसों की नीलामी प्रक्रिया नियमानुसार कराई जाएगी। इसके लिए सीएमएस को निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर