काशीपुर। किसान विकास क्लब की मासिक बैठक में धान की पैदावार बढ़ाने की जानकारी दी गई। किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती करने और उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
मंडी समिति के अतिथि गृह में क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इफ्को के क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज डोभाल ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अधिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है। धान की रोपाई में डीएपी के स्थान पर नैनो डीएपी का उपयोग जड़ शोध (रूट डिप) विधि से करने की सलाह दी। काश्तकार संजय रावल ने धान की फसल में लगने वाले फिजी वायरस (बौनापन रोग) से बचाव के उपाय बताए। पूर्व प्रमुख रवि कुमार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती है। संंचालन संयुक्त सचिव अशोक कुमार शर्मा ने किया। वहां सत्यपाल सिंह चौहान, सुभाष चौहान, टीका सिंह सैनी, लक्ष्मीकांत शर्मा, सुरेंद्र सिंह चौहान, अपूर्व मेहरोत्रा, सरदार अनूप सिंह, संदीप चतुर्वेदी, सरफराज हुसैन, अजय कपूर आदि उपस्थित रहे।