बाजपुर मिनी स्टेडियम में सिलिंग पर लगाई गई सीट की गुणवत्ता को देखते समिति अध्यक्ष राजेश कुमार।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। राज्य समाज कल्याण अनुश्रवण समिति अध्यक्ष राजेश कुमार ने चीनी मिल अतिथि गृह मार्ग पर निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान इंडोर स्टेडियम के बैडमिंटन और टेनिस कोर्ट की गुणवत्ता में खामियां मिली। इस पर कुमार ने अधिकारियों को खरी खोटी सुनाई।
रविवार को समिति अध्यक्ष राजेश कुमार ने निर्माण इकाई ब्रिडकुल के परियोजना निदेशक गंभीर सिंह, जेई दिनेश डिमरी के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने लगाए गए पंखे, बिछाई मेट, दीवारों पर घटिया रंग, दीवारों आई सीलन सहित अन्य कई खामियां दिखाई। इस पर कुमार ने खेल मंत्री अरविंद पांडेय और डीएम रंजना राजगुरू से मोबाइल पर बात कर स्टेडियम की गुणवत्ता जांच कर जल्द ही हैंडओवर कर लोकार्पण करने की मांग की। इस निर्माण के लिए शासन से 2015 में तीन करोड़ 36 लाख रुपये मंजूर किए थे। इसमें 2 करोड़ 72 लाख रुपये अवमुक्त हो चुके हैं शेष 64 लाख रुपये अभी शासन से नहीं मिले है। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने कहा कि शेष धनराशि मिलने पर स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। वहां पर छात्र संघ अध्यक्ष मयंक कुमार, राजेश पांडेय आदि थे।