डीपीआरओ, डीडीओ और एई आरडब्ल्यूडी करेंगे जांच, सात दिन में सौपेंगे रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। गदरपुर के अलखदेवा ग्राम पंचायत में बिना मंजूरी के कराए गए निर्माण कार्यों और फर्जी तरीके से कार्यों को ऑनलाइन चढ़ाने के मामले में अमर उजाला की खबर का असर हुआ है। सीडीओ ने मामले में जांच बैठाते हुए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी सात दिन के भीतर जांच पूरी कर सीडीओ को रिपोर्ट सौंपेगी।
ग्राम पंचायत अलखदेवा में कुछ महीने पहले ई-ग्राम स्वराज कार्य योजना से मंजूर कराए बिना एक कंस्ट्रक्शन फर्म में लाखों रुपये से दो सीसी रोड और एक नाली का निर्माण करा दिया था। इसके बाद कूटरचित तरीके से इन कार्यों को वित्तीय वर्ष 2022-2023 की योजना में ई ग्राम स्वराज पोर्टल पर ऑनलाइन चढ़ा दिया था। इन कार्यों की एवज में फर्म संचालक की ओर से वीपीडीओ पर दबाव बनाया जा रहा था। इसको लेकर वीपीडीओ दीपक असगोला ने डीपीआरओ को रिपोर्ट भेजी थी।
अमर उजाला ने मामले को प्रमुखता से उठाते हुए 25 जून के अंक में खबर प्रकाशित की थी। इस फर्म का मालिक किसी दूसरी ग्राम पंचायत का पूर्व प्रधान बताया जा रहा है। इस मामले में डीआरओ ने सीडीओ के पास पत्रावली भेजी थी। सीडीओ विशाल मिश्रा ने बताया कि डीपीआरओ, डीडीओ और एई आरडब्ल्यूडी की कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी सात दिन के भीतर रिपोर्ट देगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। इधर डीपीआरओ रमेश त्रिपाठी ने बताया कि अलखदेवा में बिना मंजूरी निर्माण कार्यों की शिकायत पर जांच होगी।