काशीपुर में फिल्म अभिनेता रंजीत।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। देवभूमि उत्तराखंड की सरकारों की ओर से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी राज्य निर्माण के 21 साल बाद आज भी बरकरार है। मशहूर अभिनेता रंजीत ने कहा कि यही वजह है कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग यहां की खूबसूरत वादियां होने के बावजूद यहां नहीं आ पा रहे हैं।
उत्तराखंड के पहाड़ों की वादियों से वापस काशीपुर से होकर जाते हुए बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और दिग्गज विलेन में शामिल रंजीत कुछ समय के लिए यहां रुके थे। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर अच्छा होता तो और कहीं नहीं जाते। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बहुत ही खूबसूरत जगह है। यहां की लोकेशन बहुत अच्छी हैं। यदि सड़कें और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर अच्छा हो जाए तो फिल्म इंडस्ट्री के लोग उत्तराखंड में भी फिल्म बनाने आएंगे।
उन्होंने बीते दिनों स्वर कोकिला लता मंगेशकर और मशहूर संगीतकार बप्पी लहरी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि जो इस धरती पर आया है वह जाएगा जरूर। अपने लोगों का जाने का दुख तो होता ही है। दोनों का अचानक इस तरह से चले जाना दुख की बात है।
वर्तमान में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने वाले नए कलाकारों के बारे में उन्होंने कहा कि उनका पिता और गुरु इंटरनेट है। वह हर बात गूगल से पूछते हैं। उन्होंने कहा अगर हम अनुभवी होने के नाते कुछ बोलेंगे तो लोग बोलेंगे कि यह पुराने जमाने के व्यक्ति हैं।