पंतनगर। बुधवार के बाद बृहस्पतिवार को भी दिल्ली से पंतनगर आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-7156 डीजीसीए की ओर से लागू किए गए नए नियमों के चलते रद्द कर दी गई। इस उड़ान में दिल्ली से पंतनगर के लिए 74 और वापसी में पंतनगर से दिल्ली के लिए 71 यात्रियों ने अग्रिम टिकट बुक कराई थीं। उड़ान रद्द होने से इन यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरलाइंस प्रबंधन ने उन्हें सड़क मार्ग से भेजने या किराया वापसी का विकल्प दिया।
एयरपोर्ट डायरेक्टर पवन कुमार ने बताया कि तकनीकी कारणों के चलते उड़ान को निरस्त किया गया है। कहा कि यात्रियों को समय रहते इस संबंध में सूचना दे दी गई थी।
सूत्रों के अनुसार डीजीसीए ने विमानन कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए नई गाइडलाइंस जारी करते हुए क्रू मेंबर्स के लिए सप्ताह में एक दिन के स्थान पर दो दिन के अवकाश सहित उड़ान के घंटों में कमी कर दी है। इसके चलते पहले से ही मानव संसाधन की कमी से जूझ रहीं और कर्मियों से ओवरटाइम करवा कर काम चला रहीं विमानन कंपनियां को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि उड़ानें समय पर संचालित नहीं हो पा रही हैं।