रुद्रपुर/दिनेशपुर। 75 लाख की लागत से राजकीय प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर नंबर-दो का पुनर्निर्माण कराया गया है। सोमवार को डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कर डीएम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के लिए आधुनिक विद्यालय भवन आवश्यक हैं। उन्होंने भवन के आकर्षक डिजाइन की सराहना की। डीएम ने कंपनी के दो प्रतिनिधियों को विद्यालय प्रबंधन समिति में नामित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंपनी से खटीमा विकासखंड के एक अन्य राजकीय विद्यालय को भी गोद लेने का अनुरोध किया। ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के निदेशक नागराज गार्वेश्वरी ने बताया कि जिला प्रशासन के समन्वय से यह पुनर्निर्माण हुआ है। कंपनी ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दो अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था की है।