लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाली महिला समेत सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। सैनिक कालोनी निवासी सुखराम सिंह पुत्र तूला सिंह ने आईटीआई थाना में रिपोर्ट दर्ज कर कहा कि कालोनी निवासी जानकी उप्रेती पत्नी सुभाष उप्रेती स्वयं को डाकघर का प्रधान एजेंट बताती थी।
जानकी ने उससे समय-समय उससे फिक्स डिपाजिट के नाम पर काशीपुर डाकघर में जमा करने के सात लाख रुपये लिए थे। कहा कि बीते दिनों जब उसे रुपये की जरूरत पड़ी तो वह उसके घर गए। जहां उन्हें पता चला की जानकी फरार है। जब उन्होंने डाकघर में पता किया मालूम चला कि जानकी डाकघर की एजेंट भी नहीं है। सुखराम ने कहा कि जानकी ने एक स्टांप पेपर अपने हस्ताक्षर कर उन्हें दिए जिसमें उसने रुपये नियत तिथि में देने की बात कही।
इतना ही नहीं जानकी ने कालोनी की लीला देवी, सोनू, कमलेश समेत अन्य लोगों से भी रुपये लिए हैं। आरोप है कि जानकी के साथ छह अन्य लोगों ने भी उन्हें ठगा है। पुलिस ने सुखराम की तहरीर पर जानकी उप्रेती, उसके पति सुभाष उप्रेती, दो पुत्र गोपेश और चयन समेत सिंधवासी गिरीताल निवासी राजपाल पुत्र उदल सिंह, डाकघर एजेंट माहेश्वरी और दुर्गा कालोनी निवासी उमेश कुमार पुत्र रामपाल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।