अतिक्रमण चिन्हीकरण टीम ने सोमवार को मेलाघाट रोड में दोबारा निशान लगाए। इस रोड पर पूर्व में भी राजस्व रिकार्ड के अनुसार ही निशान लगाए गए थे।
इससे यह निशान तो यथावत रहे लेकिन इस बार रेलवे स्टेशन से नाप कर नाले का सेंटर चिन्हित किया गया है। इसके बाद मेलाघाट रोड पर नाले में हुए अतिक्रमण चिन्हित किए जाएंगे, उसके बाद ही अतिक्रमणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हाईकोर्ट के निर्देश पर नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण चिन्हित किए जा रहे हैैं, जिसमें नगर पालिका, राजस्व विभाग, एनएच, लोनिवि की टीम ने मेलाघाट रोड पर 41 अतिक्रमण चिन्हित किए।
यहां पर पहले भी राजस्व रिकार्ड के अनुसार ही चिन्हीकरण किया गया था, इसलिए यहां कोई अंतर नहीं आया है। यहां पर ऐंठा नाले का सेंटर निकालने में समस्या आ रही थी।
जिसका हल चिन्हीकरण टीम ने रेलवे स्टेशन की बाउंड्री और रेलवे लाइन से फीता डालकर नापा। पटवारी नरेंद्र गहतोड़ी ने बताया कि नाले का सेंटर खोज लिया गया है। इसके बाद मेलाघाट रोड में अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि नाले में और सड़क पर कितना अतिक्रमण है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार से नाले का अतिक्रमण चिन्हित किया जाएगा। इस अवसर नगर पालिका के जेई रविंद्र सिंह, पटवारी सुरेश लोहनी, सुभाष कुमार आदि थे।