तराई बीज निगम पंतनगर में हुए 16 करोड़ के गेहूं बीज खरीद घोटाले की जांच कर रही एसआईटी को टीडीसी कार्यालय पंतनगर से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज मिल गए हैं। सोमवार को एसआईटी दस्तावेजों का अध्ययन कर घोटाले में शामिल लोगों के बयान दर्ज करेगी। घोटाला प्रकाश में आने के बाद टीडीसी के ही दस अधिकारियों के खिलाफ प्रशासनिक अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया था।
उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम को वर्ष 2015-16 में गेहूं बीज विक्रय में 16 करोड़ का घाटा हुआ था। 29 जुलाई 2016 को अपर मुख्य सचिव डा. रणवीर सिंह की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी। जांच में टीडीसी के ही दस अधिकारियों की लिप्तता सामने आने पर 28 जून 2017 को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सीके सिंह ने पंतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
एक महीने पूर्व शासन के आदेश पर घोटाले की जांच के लिए एसपी देवेंद्र पिंचा के नेतृत्व में 11 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया। गठन के बाद एसआईटी ने जांच कमेटी की रिपोर्ट का अध्ययन किया, लेकिन दस्तावेजों के अभाव में जांच आगे नहीं बढ़ पा रही थी। शनिवार को एसआईटी को पंतनगर टीडीसी से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज मिल गए हैं। इनका अध्ययन करने के बाद एसआईटी जांच को आगे बढ़ाएगी। इसके साथ ही एसआईटी ने टीडीसी मुख्यालय देहरादून से भी कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज की मांग की है।