ससुराल से लाखों की रकम लेकर विदेश गए युवक की नियत में खोट आ गया है। लाखों की रकम डकारने के बाद युवक द्वारा अपनी पत्नी से तलाक के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है।
पीड़िता न्याय के लिए पुलिस की चौखट पर पहुंची और आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसका कहना है कि ससुराली अब उसपर तलाक के लिए दबाव बना रहे हैं और आए दिन मारपीट कर रहे हैं। पीड़ित महिला दिनेशपुर की रहने वाली है जबकि आरोपी पति गढ़ी पट्टी नानकमत्ता का रहने वाला है।
महिला का कहना है कि उसका विवाह गढ़ी पट्टी नानकमत्ता निवासी एक युवक के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही उसका पति विदेश जाने के लिए उससे पैसे की मांग करने लगा। उसके इंकार करने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। हारकर उसने वाकया अपनी मां को बताया तो उसने अपनी जमीन बेचकर 18 लाख रुपये उसके पति को दे दिए। इसके बाद उसका पति ढाई साल पहले इटली चला गया।
इटली जाने के बाद उसकी परिजनों से बात तो होती रहती थी लेकिन उसने उससे कभी बात नहीं की। इतना ही नहीं उसके पति ने अपने परिवार पर तलाक के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि जब उसने तलाक के लिए मना किया तो ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
महिला का कहना है कि अभी वह खमरिया नाकमत्ता में अपने रिश्तेदार के यहां रह रही है। महिला का आरोप है कि पंचायत बुलाकर ससुराली साढ़े सात लाख रुपये लेकर तलाकनामे पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने लगे। पीड़िता ने एसएसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 लाख रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है।