फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी पति की हत्या

विज्ञापन
रुद्रपुर जिला अस्पताल में हत्यारोपियों का मेडिकल कराकर कोर्ट ले जाती पुलिस। - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
रुद्रपुर। भदईपुरा में छह दिन पहले हुए रिंकू यादव हत्याकांड से पुलिस ने पर्दा हटा दिया है। अवैध संबंध में पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराई थी। हत्याकांड के लिए एक व्यक्ति को 20 हजार रुपये और तमंचा मुहैया कराया गया।
विज्ञापन

वारदात को अंजाम देने से पहले हत्यारोपियों ने रिंकू के कमरे में उसके साथ बैठकर शराब पी। रिंकू को नशा होते ही गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचे के साथ चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी ने पांच और एसएसपी ने ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
शनिवार को एसएसपी डीएस कुंवर ने कोतवाली में रिंकू यादव हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 28 फरवरी की रात रिंकू की घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी ने अपना बचाव करने के लिए मृतक के भाई विपिन और मौसेरे भाई दीपक, सचिन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करा दिया था।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि हत्याकांड के खुलासे को लेकर एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था। विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी निशा यादव के अभिषेक यादव नाम के व्यक्ति से अवैध संबंध होने की बात सामने आई। हत्याकांड की सूचना के बाद मृतक की पत्नी के देर से मौके पर पहुंचने से पुलिस के शक की सुई घूम गई थी।
घटना की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने मृतक के पड़ोस में स्थित पुष्पेंद्र की दुकान में जाकर पूछताछ की तो पता चला कि रिंकू 28 फरवरी की शाम दुकान पर सिगरेट लेने के लिए पहुंचा था। उसके साथ तीन अन्य लोग भी थे।
एसएसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी निशा यादव से पूछताछ की गई तो उसने अभिषेक यादव से प्रेम प्रसंग होने की बात कुबूली। बताया कि 28 अक्तूबर को उसका प्रेमी अभिषेक उसके घर आया था। तब रिंकू ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ा लिया था। तभी से उसे दोनों के रिश्तों में दरारें आना शुरू हो गई थीं। निशा ने प्रेमी अभिषेक के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रच डाली।
इसके लिए दोनों ने मिलकर आकाश उर्फ बांडा को 20 हजार रुपये और तमंचा लाकर दिया था। सुनियोजित तरीके से निशा बच्चों को लेकर 28 फरवरी को हल्द्वानी अपनी दीदी के घर चली गई थी।
इसी रात को आकाश उर्फ बांडा अपने साथी आकाश यादव उर्फ इक्का और सूरज के साथ रिंकू के घर पहुंचा और तीनों ने साथ में बैठकर शराब पी। रिंकू को नशा होते ही उन्होंने गोली मार दी और फरार हो गए।
एसएसपी ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अभिषेक यादव, आकाश यादव उर्फ बांडा, आकाश यादव उर्फ इक्का निवासी वार्ड नंबर 14 भदईपुरा, साहिल निवासी भूतबंगला, निशु उर्फ निशा यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सूरज निवासी भदईपुरा फरार है। सूरज ने हत्याकांड के बाद फरार हुए आरोपियों के लिए वाहन दिलाने में मदद की थी।
हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल एनएन पंत, एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी, एसआई पूरन सिंह, मनोज जोशी, एसओजी के प्रभारी उमेश मलिक, कांस्टेबल प्रकाश भगत और राजेंद्र कश्यप थे।
मां को खोया, भाई ने किया किनारा, पत्नी ने मार डाला
रुद्रपुर। रिंकू की हत्या की साजिश रचने वाली निशा अपने प्रेमी अभिषेक के प्यार में इतनी पागल हो चुकी थी कि सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें भी दरकिनार कर दीं। रिंकू ने हादसे में मां और दो भाइयों को खोया था। इसके बाद भाई ने उसे धोखा देकर किनारा कर लिया। वहीं पत्नी ने उसकी ही हत्या करवा दी।
भदईपुरा निवासी रिंकू यादव की मौत के बाद मोहल्ले वाले उसके व्यवहार की तारीफ कर रहे थे। अब जब हत्या का खुलासा हुआ तो कोई यकीन नहीं कर पा रहा है कि जो रिंकू अपनी पत्नी से बेइंतिहा प्यार करता था, वही उनकी जान ले लेगी। रिंकू यादव का अपने ही परिजनों के साथ पुराना विवाद था लेकिन नौबत कभी मारपीट तक नहीं पहुंची।
वर्ष 2017 में रिंकू की मां अपने दो बेटों के साथ किच्छा जा रही थी। किच्छा-रुद्रपुर बाईपास पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई थी। इस दर्द से वह उबर भी नहीं पाया था कि उसके ही सगे भाई विपिन ने मां के नाम से बीमा पॉलिसी के तीन लाख रुपये हड़प लिए।
भाई के किनारा करने पर वह तनाव में आ गया था। पत्नी के साथ बेहतर कल की उम्मीद के साथ उसने जीने की आस लगाई थी लेकिन पत्नी ने प्रेमी के प्यार में उसकी ही हत्या करा दी। (संवाद)
हत्या का दाग धोने के लिए देवरों को फंसाने का रचा षड्यंत्र
रुद्रपुर। रिंकू यादव की हत्या कराने के बाद उसकी पत्नी ने खुद को बचाने के लिए अपने देवरों को फंसाने का खेल खेला। उसने हत्या के कुछ घंटों बाद ही मृतक के सगे भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करा दिया। हत्यारोपी पत्नी ने केस दर्ज कराकर पुलिस को भटकाने की कोशिश की लेकिन उसका दाव उसी पर उल्टा पड़ गया।
28 फरवरी की रात भदईपुरा शनि मंदिर निवासी रिंकू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की जानकारी मृतक की पत्नी निशा यादव ने पुलिस को एक मार्च की शाम चार बजे दी थी। इससे पहले 22 फरवरी को मृतक रिंकू यादव ने अपने सगे भाई विपिन यादव, मौसेरे भाई दीपक और सचिन पर कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था।
रिंकू का आरोप था कि भाई ने मां की मौत के बाद उसके फर्जी हस्ताक्षर से तीन लाख रुपये बीमा पॉलिसी हड़प ली थी। इसी केस को मोहरा बनाकर पत्नी निशा ने पति की हत्या के बाद कोतवाली में पहुंचकर बताया था कि धोखाधड़ी का केस दर्ज कराने के बाद देवर उसके पति से रंजिश रखता था। उन्होंने घर में घुसकर उसके पति के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी।
पति की हत्या कराने के बाद देर रात ही पत्नी ने वकील के पास जाकर जानकारी ली और कोतवाली में विपिन, सचिन और दीपक पर हत्या का केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने तीनों से पूछताछ की तो कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगे। इसके बाद मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल कर ली। हत्यारोपियों से एक तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पत्नी भाग जाती तो शायद नहीं होती हत्या
रुद्रपुर। पूछताछ में हत्यारोपी निशा यादव ने बताया कि वह अभिषेक से प्यार करती थी। दोनों ने भागने की योजना बनाई थी लेकिन पति के आड़े आने पर दोनों नहीं भाग सके। वहीं, भागने से पहले महिला को पांच साल की बेटी और तीन साल के बेटे की चिंता थी। दोनों ने प्यार के पागलपन में रिंकू की हत्या की साजिश रच दी। रिंकू के रिश्तेदारों का कहना है कि उसकी पत्नी भाग जाती तो शायद हत्या नहीं होती। (संवाद)
गवाह पेश करने पर हुआ संदेह
रुद्रपुर। रिंकू की हत्या के बाद पत्नी ने अपने गवाह तक पेश कर दिए थे। उसने बताया कि हत्या के समय उसके भाई और उसकी बहन ने विपिन, सचिव और दीपक को घर से तमंचा लेकर भागते हुए देखा था, जबकि हकीकत यह थी कि निशा का भाई और बहन भदईपुरा में रहते ही नहीं थे। यहीं से पुलिस को मामले में संदेह हो गया था। (संवाद)

रुद्रपुर कोतवाली में रिंकू हत्याकांड का खुलासा करते एसएसपी डीएस कुंवर।- फोटो : RUDRAPUR

रुद्रपुर में हत्यारोपियों से बरामद तमंचा व कारतूस।- फोटो : RUDRAPUR

रुद्रपुर के मृतक रिंकू यादव की फाइल फोटो।- फोटो : RUDRAPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें