जसपुर। भ्रूण हत्या कर पत्नी को तीन तलाक देने के आरोप में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पति पर यूसीसी का उल्लंघन कर विवाह का पंजीकरण न कराने एवं दहेज उत्पीड़न का भी आरोप है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पति समेत ससुराल के छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मोहल्ला नई बस्ती निवासी कौसर जहां ने पुलिस को बताया था कि मोहल्ला पप्पू कॉलोनी खेड़ा रोड निवासी मोहम्मद नावेद के साथ नौ माह पूर्व उसका विवाह हुआ था। विवाह के बाद से ही कम दहेज लाने का ताना देकर इल्यास (ससुर), शाहजहां (सास), नईमा उर्फ मुस्कान (देवरानी), अंजुम एवं शहाना उर्फ मोनी (ननद) उसके साथ मारपीट करते थे। आरोप है कि दहेज में एक ऑल्टो, एसी एवं 50 हजार रुपये नगद की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने विवाह के छह माह बाद ही उसे घर से निकाल दिया। इससे वह अपने मायके में ही रह रही थी। आरोप है कि उसके पति ने मायके में आकर उसके साथ अभद्रता कर उसके भ्रूण को नष्ट कर दिया। इसके बाद उसने 24 अप्रैल को फोन कर उसे तीन तलाक दे दिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी पति मोहम्मद नावेद को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
एसएसपी, मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पति समेत ससुराल के छह लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच की गई थी। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने पत्नी से पीछा छुड़ाने के मकसद से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, मारपीट कर भ्रूण हत्या एवं फोन पर तीन तलाक दिया। मामले में पांच अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लगे आरोपों की जांच की जा रही है।