रुद्रपुर। न्यायालय में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक महिला ने अपने पति पर धोखाधड़ी कर फर्जी आयकर रिटर्न दाखिल करने का आरोप लगाया है।
नीतू नाम की महिला ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दायर याचिका में कहा है कि उसके पति प्रदीप ने भरण-पोषण की राशि से बचने के लिए उनके नाम पर वर्ष 2023-24 का कूटरचित आयकर रिटर्न तैयार करवाया है। पति से पारिवारिक विवाद वर्ष 2024 से चल रहा है। इस संबंध में उन्होंने पति के विरुद्ध घरेलू हिंसा अधिनियम, भरण-पोषण और दहेज उत्पीड़न के तहत कई मामले दर्ज कराए हैं जो रुद्रपुर की विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं।
महिला का कहना है कि उन्होंने पति पर दायर आपत्ति/जवाबदावे के साथ वर्ष 2023-24 के अपने आयकर रिटर्न की प्रति देखी। उन्होंने कभी भी आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया है। आयकर रिटर्न प्रपत्र की जांच करने पर उन्हें पता चला कि उनके पति प्रदीप ने धोखाधड़ी से उनके नाम पर यह रिटर्न तैयार करवाया है और उस पर अपना मोबाइल नंबर अंकित कराया है ताकि आयकर संबंधी कोई भी संदेश उन्हें ही मिले।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि 15 जनवरी 2024 को दहेज के लिए मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया था। उस दौरान उनके पति ने उनके जेवर, स्त्री धन, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाणपत्र और कुछ हस्ताक्षरित सादे कागज, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड आदि जबरन अपने पास रख लिए थे। इसी आधार कार्ड और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर न्यायालय को धोखा देने के उद्देश्य से उनके पति ने उनके नाम से फर्जी आयकर रिटर्न तैयार कराया और उसे न्यायालय में दाखिल किया। इस संबंध में 12 जुलाई 2025 को रुद्रपुर कोतवाली व एसएसपी से शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।