चंडीगढ़ से रोडवेज बस में सवार होकर खटीमा लौट रहे एक युवक को जहरखुरानों ने लूट लिया। उन्होंने युवक का मोबाइल, एक बैग और पर्स पार कर लिया। युवक बेहोशी हालत में टनकपुर में मिला। परिजनों ने उसे खटीमा उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मुंडेली निवासी अमर सिंह चंडीगढ़ स्थित एक होटल में नौकरी करता है। मंगलवार को वह चंड़ीगढ़ से रोडवेज बस से खटीमा आ रहा था। उसे नगला तराई में अपने मामा के पुत्र के विवाह में शामिल होना था। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उसे खटीमा पहुंचना था। तय समय पर उसके न पहुंचने के बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
इस दौरान परिजनों ने चंड़ीगढ़ में अमर सिंह के साथ रहने वाले युवक से फोन पर बात की। जहां उसने बताया कि अमर सिंह से देर रात करीब डेढ़ बजे बात हुई थी। उस समय बताया था कि वह हरिद्वार में है। इसके बाद परिजनों ने रोडवेज बस चालक का नंबर जुटाकर उससे संपर्क किया।
बनबसा-टनकपुर के बीच उतार दिया था
बस चालक ने बताया कि उसे बनबसा-टनकपुर के बीच उतार दिया था। फिर परिजनों ने बनबसा थाने को सूचना दी। इसके बाद टनकपुर पुलिस ने युवक के मिलने की सूचना दी। परिजन युवक को लेकर खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अमर सिंह का एक बैग, मोबाइल और करीब तीन हजार रुपये जहरखुरानों ने लूट लिए। जबकि उसका एक बैग रोडवेज बस में है।