काशीपुर। ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार की डंपर की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली क्षेत्र के रामनगर रोड स्थित प्रतापपुर के ग्राम चांदपुर निवासी रोहित सिंह (26) पुत्र प्रभु चरन सिंह मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नर्सिंग के पद पर कार्यरत था। बृहस्पतिवार की देर शाम लगभग आठ बजे वह बाइक से कुंडेश्वरी होते हुए घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान कुंडेश्वरी रोड मालवा फॉर्म के पास मोड़ पर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर में गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसकी कुछ समय बाद मौत हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बड़े भाई राहुल ने बताया उनकी मां का पूर्व में निधन हो चुका है जबकि पिता काफी समय से बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है।
कुंडेश्वरी पुलिस के मुताबिक डंपर चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भाग गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
कुंडेश्वरी रोड पर छाया रहता है अंधेरा
क्षेत्रवासियों ने बताया कि कुंडेश्वरी रोड पर साई मंदिर से लेकर पुराना एआरटीओ दफ्तर तक रात के समय अंधेरा रहता है। खासकर सर्दी के मौसम में सबसे अधिक आवाजाही में परेशानी होती है। सड़कों पर कहीं भी स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं जबकि इस मार्ग पर कई तीव्र मोड़ होने के साथ ही डंपरों की भारी संख्या में आवाजाही रहती है। बताया कि इस मार्ग पर इससे पहले ही कई हादसे हो चुके हैं। इसमें कई बाइक और साइकिल सवार गंभीर घायल हो चुके हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगवाने को लेकर गंभीर नहीं हैं।