काशीपुर। एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय परिसर की नालियां चोक होने से गंदा पानी और कचरा जमा हो गया है। पानी से उठने वाली दुर्गंध से मरीज, तीमारदार और अस्पताल स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मच्छर, मक्खी और अन्य कीटों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
अस्पताल परिसर में पीछे की तरफ बने आवास के समीप से गुजरने वाली नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। परिस की अन्य नालियां भी चोक हो गई हैं। नियमित सफाई नहीं होने से नालियों का गंदा पानी आसपास भरने लगा है। परिसर में कई जगहों पर झाड़ियां भी उग गई हैं। गंदगी और जलभराव के कारण अस्पताल में ही डेंगू, वायरल फीवर के फैलने का खतरा बढ़ गया है। तीमारदार मोहम्मद फैजान, जयकिशन, दयावती आदि ने अस्पताल प्रशासन से परिसर और नालियों की सफाई, भूखंडों में जमा पानी की निकासी और नियमित फॉगिंग करवाने की मांग की है।
कोट:
अस्पताल में जलभराव होने की स्थिति को देखने के लिए जेई को भेजा था। रिपोर्ट के आधार पर निकासी के ठोस इंतजाम किए जाएंगे। नालियों की सफाई के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया जाएगा। -डॉ. संजीव गोस्वामी, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर