रुद्रपुर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ने की उम्मीद जगी है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अब शासन स्तर से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने का इंतजार है।
वर्तमान में प्रदेश के 4200 अतिथि शिक्षकों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। प्रस्ताव में इसे बढ़ाकर करीब 40 हजार रुपये करने की संस्तुति की गई है। इससे ऊधमसिंह नगर जिले के करीब 42 अतिथि शिक्षक लाभान्वित होंगे। इसके लिए उपनल कर्मचारियों के वेतनमान लेवल-चार को आधार बनाया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार मूल वेतन 25,500 रुपये और 60 प्रतिशत महंगाई भत्ते के आधार पर करीब 40,800 रुपये प्रतिमाह देने की व्यवस्था सुझाई गई है। इसके अलावा ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश के दौरान भी मानदेय का नियमित भुगतान करने का अनुरोध किया गया है। शासन से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने का इंतजार है।
कम मानदेय, लंबी दूरी सबसे बड़ी चुनौती
जिले के अतिथि शिक्षकों के सामने कई चुनौतियां हैं। कम वेतन में उन्हें दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित स्कूलों में जाकर पढ़ाने जाना पड़ता है। कई शिक्षक तो ऐसे हैं जो रोजाना आवागमन करते हैं। ऐसे में उनका किराया भी अधिक लगता है। मानदेय बढ़ने से उन्हें काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
कोट
अतिथि शिक्षकों का मानदेय 40 हजार रूपये करने की संस्तुति की गई है। प्रस्ताव शिक्षा सचिव को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही आदेश जारी किए जाएंगे। - विनोद प्रसाद सेमल्टी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक