रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों का अंतिम संस्कार कर रहे शहीद भगत सेवादल के कार्यकर्ताओं का प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने फूल मालाओं और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
बृहस्पतिवार को पांच मंदिर परिसर में व्यापारियों ने सेवादल से जुड़े अरुण चुघ, ललित बिष्ट, नरेंद्र नेगी, शेरी सिंह, विक्रम सिंह और जगवीर सिंह का सम्मान किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि कोरोना काल में जब लोग अपनों के अंतिम संस्कार के समय चिता के नजदीक जाने से बच रहे हैं, वहीं सेवादल कार्यकर्ता अपने स्वास्थ्य की चिंता किए बिना कोरोना संक्रमित मृतकों का विधिविधान के साथ अंतिम संस्कार कर रहे है।
इससे बड़ा पुण्य का काम नहीं हो सकता। ऐसे युवाओं का सर्व समाज सदैव ऋणी रहेगा। वहां महामंत्री हरीश अरोरा, युवा व्यापार मंडल महामंत्री पवन गाबा, जिला मंत्री राजकुमार सीकरी, अनिल रावत, अमित दावड़ा, पारस अरोरा, सोनू चावला, सागर छाबड़ा आदि थे। (संवाद)