गदरपुर। जिला पुलिस ने हनी ट्रैप गिरोह के फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गदरपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार, बीती 26 जनवरी को दर्ज प्राथमिकी में सामने आया था कि रामपुर निवासी जोहर उर्फ महक निवासी मोहल्ला चादरवाला बाग (रामपुर), अहमद निवासी राजेंद्र नगर और रोहन सैनी निवासी मदीयान नगर रामपुर मिलकर सोशल मीडिया के माध्यम से युवकों को झांसे में लेते थे। इसके बाद अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते थे।
मामले में कोतवाली पुलिस ने कुछ माह पहले जोहर उर्फ महक और राबिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा था जबकि अन्य अभियुक्त फरार चल रहे थे। अब शनिवार पुलिस ने दीपक निवासी शिवा पुरम कॉलोनी, सिविल लाइंस रामपुर को आज शनिवार को प्रेमनगर तिराहा गदरपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि दीपक के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक केस दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, फरार अभियुक्त अहमद और रोहन सैनी की तलाश की जा रही है।