काशीपुर। चिकित्सक की तैनाती से होम्योपैथिक पद्धति पर निर्भर मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। एक महीने में मरीजों की संख्या 1400 से पार पहुंच गई है। इससे पहले मरीजों का ग्राफ एक हजार से नीचे पहुंच गया था।
मडुआ लोहाघाट चंपावत से स्थानांतरित होकर आए डॉ. पुष्कर पांगती ने 17 जून 2025 को एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय के होम्योपैथिक विभाग में प्रभारी के तौर पर तैनाती ली है। उन्होंने बताया कि ओपीडी 100 से ऊपर पहुंच रही है। इनमें से ठंड बढ़ने पर जुकाम, बुखार, खांसी, त्वचा, चर्म रोग के करीब 50 फीसदी मरीज पहुंच रहे हैं।
बताया कि सामान्य दिनों में यह संख्या 20-25 रहती है। इसके अलावा अर्थराइटिस (गठिया), पेट आदि रोगों का भी इलाज किया जा रहा है। विभाग में दवाइयां पर्याप्त हैं। बताया कि अप्रैल में 1066, मई में 1241, जून में 1089, जुलाई में 1382, अगस्त में 1587, सितंबर में 1379, अक्तूबर में 1029, नवंबर में 1427 मरीजों का इलाज किया गया है। रोगियों की लगातार संख्या बढ़ रही है।
बता दें कि 15 मई 2023 को विभाग में तैनात प्रभारी चिकित्सक का स्थानांतरण रानीखेत हो गया था। तब से यह पद रिक्त चल रहा था। फार्मासिस्ट मरीजों का इलाज कर रहे थे। चिकित्सक के अभाव में मरीजों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई थी।