काशीपुर। होली के उपलक्ष्य में श्री राधा कृष्ण होली महोत्सव समिति की ओर से हर साल की तरह इस बार भी भव्य फूलों की होली यात्रा निकाली गई। सोमवार को गंगेबाबा मंदिर रोड स्थित चाचा की बगिया से शोभायात्रा की शुरू हुई। शोभायात्रा में पुरानी सब्जी मंडी के पास स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर से बांके बिहारी और लड्डू गोपाल का डोला शामिल हुआ। यहां से शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा किला बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, मुख्य बाजार और नगर निगम रोड से होते हुए वापस मंदिर पहुंच कर संपन्न हुई। यात्रा में फूलों की होली मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। राधा-कृष्ण के स्वरूपों के साथ लोगों ने झूमते-नाचते फूलों की वर्षा कर होली खेली। समिति के अजय टंडन ने बताया कि समिति 18 वर्षों से सफलतापूर्वक आयोजन कर रही है। शोभायात्रा में मनोज पोपली, राजकुमार सेठी, अंकित, वंश टंडन, अनुराग सारस्वत, पंकज माहेश्वरी, गगन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।