काशीपुर। जड़ी-बूटियों से अपने स्टार्टअप की ताकत को मुनस्यारी के तरुण बढ़ा रहे हैं। वह हिमालयन प्रोडक्ट्स को बाजार में सही दामों पर उपलब्ध कराकर मुनाफा कमाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को व्यापार भी मुहैया करा रहे हैं। इन जड़ी-बूटियों से सिर्फ दो वर्ष में इस स्टार्टअप ने 15 से 20 लाख सालाना कमाई का लक्ष्य छू लिया है। इसके लिए उन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी भी छोड़ दी थी। तरुण जंगपांगी बुर्फो एग्रीकल्चर इनीसिएटिव्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से स्टार्टअप चलाते हैं। उन्हें आईआईएम काशीपुर से 15 लाख रुपये की फंडिंग प्राप्त हुई थी। वह हिमालयन प्रोडक्ट्स को स्टोर व ऑनलाइन माध्यम से सेल करते हैं। वह मसाले, जड़ी-बूटियां, स्टोन, जूस, हैंडी क्राफ्ट्स आदि हिमालयन प्रोडक्ट्स को मार्केट में पहचान दिला रहे हैं। अपने स्टोर पर शुद्ध प्रोडक्ट को लोगों को सही दामों में उपलब्ध करा रहे हैं।
तरुण ने बताया कि वह लोगों को सीधे तौर पर शुद्ध प्रोडक्ट पहुंचाना चाहते हैं ताकि बड़ी-बड़ी कंपनियां जो जड़ी-बूटियों व अन्य हिमालयन प्रोडक्ट के नाम पर कीमत से अधिक दाम वसूल रही हैं।
उससे लोग बच सकें। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों तक सही प्रोडक्ट पहुंचाना है। इसके लिए वह स्वयं जड़ी-बूटियों व अन्य चीजों की खेती करते हैं। 100 से अधिक किसानों से इन प्रोडक्ट को खरीदते हैं।