बाजपुर। हेपेटाइटिस बी और सी के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब हर बृहस्पतिवार को उप जिला चिकित्सालय में दवा वितरित की जाएगी। बीते बृहस्पतिवार को अस्पताल में चार मरीजों को दवाई दी गई।
ह्यूमन राइट मिशन के उपाध्यक्ष सौरभ परमार ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर बाजपुर सरकारी अस्पताल में हेपेटाइटिस बी और सी की जांच और दवाई उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। लगातार पत्राचार करने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से उप जिला चिकित्सालय में हेपेटाइटिस बी और सी की दवाई उपलब्ध कराई गई।
डॉ. सौरभ परमार ने बताया कि चिकित्सा विभाग की ओर से उन्हें अवगत कराया गया है कि उप जिला चिकित्सालय में हर बृहस्पतिवार को दवाई वितरित की जाएगी। जबकि सीएमओ की तरफ से भरोसा दिया गया है कि जल्द अस्पताल में वायरल लोड जांच सुविधा भी जल्द शुरू कराई जाएगी। संवाद